गरियाबंद

स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए योग अत्यंत आवश्यक -रूपकुमारी
21-Jun-2026 8:09 PM
स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए योग अत्यंत आवश्यक -रूपकुमारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गरियाबंद के इनडोर स्टेडियम में भव्य एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी शामिल हुईं। उनके मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योगाभ्यास से हुई, जिसमें योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योगाभ्यास के पश्चात उपस्थित लोगों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ ली तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर कलेक्टर बी.एस. उइके, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, डीएफओ वरुण जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक मौजूद रहे। सभी ने बढ़-चढक़र योगाभ्यास में सहभागिता निभाई और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। आज विश्व के 121 से अधिक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है तथा विकसित भारत के निर्माण में स्वस्थ नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने नागरिकों से नियमित योगाभ्यास करने की अपील करते हुए कहा कि जिस प्रकार भोजन जीवन के लिए आवश्यक है, उसी प्रकार योग को भी दैनिक दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। योग न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि व्यक्ति को समाज और राष्ट्र निर्माण में भी अधिक प्रभावी योगदान देने के लिए प्रेरित करता है।


अन्य पोस्ट