गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 18 जून। गरियाबंद जिले में खाद संकट और किसानों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाने निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पाण्डुका के चारोधाम चौक में रोककर हिरासत में ले लिया। इसके बाद सभी कार्यकर्ताओं को बसों से पिपरछेड़ी थाना ले जाया गया।
किसानों का आरोप है कि सहकारी समितियों में डीएपी और अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं है। कई स्थानों पर किसानों को एक एकड़ के लिए केवल एक बोरी खाद दी जा रही है, जिससे खरीफ सीजन की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रूपेश साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करने निकले थे।
कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही पूर्व पंचायत मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमितेश शुक्ल रायपुर से सीधे पिपरछेड़ी थाना पहुंचे। उन्होंने हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनका मनोबल बढ़ाया। उनके पहुंचने से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
किसानों की आवाज उठाना अपराध नहीं - अमितेश शुक्ल
अमितेश शुक्ल ने कहा कि किसानों की समस्याओं को उठाना कोई अपराध नहीं है। लोकतंत्र में जनता और किसानों की आवाज को दबाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान खाद के लिए परेशान हैं, लेकिन सरकार समाधान करने के बजाय विरोध की आवाज को दबाने में लगी हुई है।
थाना परिसर में अधिकारियों से चर्चा करते हुए श्री शुक्ल ने कहा कि हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनके खिलाफ अनावश्यक कार्रवाई नहीं की जाए। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में खाद संकट गंभीर होता जा रहा है। समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने से किसान चिंतित हैं, लेकिन सरकार जमीनी समस्याओं के समाधान के बजाय विरोध प्रदर्शनों को रोकने में जुटी है। नेताओं ने कहा कि किसानों की आवाज को दबाने के हर प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।
किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है कांग्रेस
अमितेश शुक्ल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों, मजदूरों और आम जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि खाद संकट सहित किसानों की सभी समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा और समाधान होने तक कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी रहेगी।