गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 18 जून। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ मंत्रियों के बुधवार को गरियाबंद दौरे से पहले जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा को पुलिस द्वारा उनके निवास पर निगरानी में रखे जाने का मामला राजनीतिक विवाद का विषय बना रहा। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस द्वारा खाद की कमी, बढ़ती महंगाई,पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि, बेरोजगारी तथा अन्य जनसमस्याओं को लेकर काला झंडा दिखाकर विरोध प्रदर्शन की तैयारी की जा रही थी। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इसी आशंका के चलते देवभोग पुलिस ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा को उनके गृह ग्राम दरलीपारा स्थित निवास पर ही नजरबंद कर दिया, ताकि वे जिला मुख्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन में शामिल न हो सकें।
नजरबंद किए जाने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर प्रशासन विपक्षी नेताओं को रोकने का काम कर रहा है।