गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 18 जून। शहर के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के प्रथम दिवस मंगलवार को शाला प्रवेशोत्सव एवं शेड लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू सहित अन्य अतिथियों ने फीता काटकर 9.07 लाख रुपये की लागत से निर्मित टीना शेड का लोकार्पण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। अतिथियों का पुष्पमाला एवं आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया। वहीं नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर तथा पुस्तकें प्रदान कर विद्यालय में प्रवेश कराया गया। पुस्तकें पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी और वे मन लगाकर पढ़ाई करने की बात कह रहे थे। सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक रोहित साहू ने कहा कि गुरुजनों के आशीर्वाद से व्यक्ति जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत के साथ-साथ शिक्षकों का मार्गदर्शन और आशीर्वाद भी आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों को शाला प्रवेशोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान विधायक ने बच्चों से पूछा कि वे आगे चलकर क्या बनना चाहते हैं। कक्षा 12वीं में टॉप-टेन में स्थान बनाने वाली छात्रा प्रेमीन सोनकर ने बताया कि वह सीए बनना चाहती है। वहीं प्राथमिक विद्यालय के एक छात्र ने माइक लेकर कहा कि वह फौजी बनना चाहता है,जबकि एक छात्रा ने कलेक्टर बनने की इच्छा व्यक्त की। बच्चों के सपने सुनकर विधायक प्रसन्न हुए और कहा कि समय बहुत कीमती होता है। बचपन बार-बार नहीं आता, इसलिए विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए खून-पसीने की कमाई खर्च करते हैं। इसलिए विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करते हुए अपने लक्ष्य की ओर बढऩा चाहिए। विधायक ने कहा कि वे स्वयं रात 2 बजे तक क्षेत्र के विकास को लेकर चिंतन करते रहते हैं। सफलता के लिए जुनून और इच्छाशक्ति दोनों जरूरी हैं। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आजकल देर रात तक कई युवा मोबाइल और हेडफोन में व्यस्त रहते हैं। अभिभावकों को भी इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है कि उनके बच्चे अपना समय किस प्रकार व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपनों को साकार करने के लिए दिन-रात मेहनत करनी पड़ती है। मंजिल मिलने तक प्रयासों में निरंतरता बनाए रखना आवश्यक है।
विधायक रोहित साहू ने प्राचार्य संध्या शर्मा की मांग पर विद्यालय परिसर के मैदान में पेवर ब्लॉक लगाने के लिए शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने तथा अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने का कहा।
कार्यक्रम के दौरान पार्षद तुषार कदम ने स्कूल लगने और छुट्टी के समय शहर में भारी वाहनों के आवागमन पर नियंत्रण लगाने का आग्रह किया। इस पर विधायक ने नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव को मामले पर ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह गंभीर विषय है और पुलिस विभाग से चर्चा कर स्कूलों की छुट्टी के समय पेट्रोलिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। विधायक की इस घोषणा पर सभा में उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।
नगर पालिका परिषद राजिम के अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और दो परिवारों का नाम रोशन करती हैं। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने तथा राजिम क्षेत्र का नाम गौरवान्वित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष देवकी साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, वार्ड क्रमांक 3 की पार्षद जानकी पटेल, छाया राही ने भी अपने विचार व्यक्त किए। प्राचार्य संध्या शर्मा ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की टॉपर छात्राओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर नगर पालिका सभापति आकाश सिंह राजपूत,भारत यादव, कुलेश्वर साहू,पार्षद टंकु सोनकर, बलराम यादव, सुरेश पटेल, अजय पटेल,तुषार कदम,पार्षद प्रतिनिधि कुलेश्वर साहू,सोमनाथ पटेल,ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हेमंत साहू,विवेक शर्मा,ईश्वर साहू,संजीव साहू,ऋषि दुबे सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक संतोष शर्मा ने किया।