गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 16 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला संगठन के निर्देशानुसार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रायपुर सांसद एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजमोहन अग्रवाल एवं विधायक इंद्र कुमार साहू अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पिपरौद पहुंचे।
इस दौरान सांसद,एवं विधायक ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ गांव के विभिन्न मोहल्लों एवं घरों का भ्रमण कर आमजन से संपर्क किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा की जानकारी ग्रामीणों को दी। साथ ही स्थानीय दुकानदारों एवं नागरिकों से चर्चा कर केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और विकास एवं विश्वास के विषय पर संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद अग्रवाल ने गांव के बुजुर्गों एवं वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात वे नवापारा पहुँच कर अपने पुराने साथी स्वर्गीय रतिराम साहू के निवास पहुंचे तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक इन्द्र कुमार साहू, प्रदेश भाजपा कार्यालय मंत्री अशोक बजाज,भाजपा मण्डल अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा,पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विजय गोयल,पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी संजय साहू, कमलनारायण साहू, महिला मोर्चा अध्यक्ष धनमती साहू, परदेशी राम साहू, मेघनाथ साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।