गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 15 जून। नवापारा में गुलाब गार्डन में घूमने पहुंचे तीन युवकों पर एक अज्ञात बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने पहले युवकों से उनका गांव पूछा और फिर विवाद करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी ने चाकू और डंडे से हमला कर तीनों युवकों को घायल कर दिया। मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार ग्राम कुर्रा निवासी अमित तारक अपने साथी मनीश बर्मन और नवीन बंदे के साथ 14 जून को गोबरा नवापारा स्थित गुलाब गार्डन घूमने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे उनका पता-ठिकाना पूछा।
युवकों द्वारा ग्राम कुर्रा निवासी होने की जानकारी देने पर आरोपी भडक़ गया और तुम लोग हीरो बनने आए हो कहते हुए अष्लील गालियां देने लगा।
बताया गया कि आरोपी ने अचानक अपने पास रखे चाकू से अमित तारक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी दाहिनी जांघ के पास चोट आई। वहीं मनीश बर्मन को डंडे से बाएं हाथ और पैर में वार कर घायल कर दिया गया। नवीन बंदे को भी थप्पड़ मारकर चोट पहुंचाई गई। घटना के दौरान गुलाब गार्डन में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीडि़त अमित तारक ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 118(1), 296, 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच कर रही है। पुलिस की टीम आरोपी की पहचान कर उसकी तलाष में जुटी हुई है।


