गरियाबंद

कांग्रेस का प्रदर्शन खोखला-चंदूलाल साहू
13-Jun-2026 4:22 PM
कांग्रेस का प्रदर्शन खोखला-चंदूलाल साहू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 13 जून। प्रदेश में खाद की किल्लत और बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस के प्रदर्शन पर पलटवार करते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने कहा कि केवल एक परिवार की चरण वंदना तक सीमित मृतप्राय हो चुकी मुद्दाविहीन कांग्रेस का यह खोखला प्रदर्शन खुद को जीवित करने का एक असफल प्रयास है।

देश में लगभग 56 सालों तक राज करने वाली कांग्रेस ने न तो कभी देश की चिंता की और न देशवासियों की ये कांग्रेस के ही पाप हैं जो आजादी के बाद देश में लंबे अर्से तक बेरोजगारी की भयावह स्थिति बनी रही। इन वर्षों में ऐसे ठोस फैसले नहीं लिए गए, जिनसे देश में रोजगार के अवसर उत्पन्न होते और युवाओं को रोजगार मिलता।

देश में सबसे अधिक बेरोजगारी दर 1972-73 में इंदिरा गांधी के प्रधानमंत्रित्व काल के दौरान रही, शायद ये बात भी कांग्रेसी भूल चुके हैं । लेकिन पहले भारत रत्न स्व. अटल बिहारी बाजपेई ने अपने प्रधानमंत्रित्व काल के दौरान देश के युवाओं के रोजगार के लिए क्रांतिकारी कदम उठाए और अब पिछले 12 वर्षों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिशा में सतत् कार्य करते हुए देश में रोजगार के अवसर उत्पन्न कर कांग्रेस के पाप धो रहे हैं । इसका परिणाम है कि बेरोजगारी दर आज की स्थिति में अब तक के सबसे निचले स्तर पर है । शासकीय और निजी क्षेत्र में रिकॉर्ड भर्ती पिछले 12 वर्षों में की गई है। मोदी सरकार की विभिन्न कौशल विकास योजनाओं और ऋण योजनाओं के चलते आज लाखों युवा स्वरोजगार कर रहे हैं । वहीं स्टार्टअप इंडिया योजना के कारण लाखों युवा खुद का स्टार्टअप शुरू कर काम कर रहे हैं, जिनमें से काफी लोग करोड़पति, अरबपति तक बन चुके हैं । इसी तरह1जुलाई से शुरू हो रही बीवी जी राम जी योजना में तो गांवों के हर श्रमिक को साल में 125 दिन रोजगार की गारंटी दी गई है ।मोदी सरकार के राज में हर उस युवा को रोजगार का अवसर मिल रहा है, जो प्रतिभावान और योग्य हैं ।

श्री साहू ने तंज कसते हुए कहा कि देश के युवा नहीं बल्कि पूरी कांग्रेस बेरोजगार हो चुकी है क्योंकि केंद्र की मोदी सरकार और राज्यों में भाजपा की सरकारों के जनहितैषी विकास कार्यों के कारण जनता ने कांग्रेस से नाता तोड़ लिया है। अब फिर से रोजगार पाने यानि सत्ता के लालच में कांग्रेस, देश में बेरोजगारी का फर्जी आरोप लगाते हुए प्रदर्शन कर रही है, जो जनता के समर्थन के अभाव में पूरी तरह असफल है ।  उन्होंने कहा कि इसी तरह प्रदेश में खाद की किल्लत को लेकर भी लगाए जा रहे कांग्रेस के आरोप निराधार हैं।

प्रदेश की साय सरकार बार-बार स्पष्ट कर चुकी है कि खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, जो कि सत्य है । इतना जरूर है कि खाद की आपूर्ति की गति तकनीकी कारणवश कुछ धीमी है, जो शीघ्र ही सुधर जाएगी । अन्नदाता किसानों के बल पर खड़ी साय सरकार किसी भी सूरत में उन्हें परेशान नहीं होने देगी। अपने नेता राहुल गांधी की तरह फर्जी आरोपों के आधार खोखला प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी समझ लें कि वे कितना भी प्रयास कर ले, आम जनता व किसानों का मोदी सरकार व साय सरकार के साथ मजबूत रिश्ता वे कभी नहीं तोड़ पाएंगे ।


अन्य पोस्ट