गरियाबंद

7 करोड़ की एनीकट परियोजना मंजूर, किडनी प्रभावित क्षेत्र में जगी नई उम्मीद
11-Jun-2026 3:34 PM
7 करोड़ की एनीकट परियोजना मंजूर, किडनी प्रभावित क्षेत्र में जगी नई उम्मीद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 11 जून। देवभोग विकासखंड के सुपेबेड़ा क्षेत्र के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री द्वारा तेल नदी पर लगभग 7 करोड़ रुपये की एनीकट परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना के पूरा होने से सुपेबेड़ा समूह जल प्रदाय योजना को वर्षभर सतही जल उपलब्ध होगा। इससे पेयजल संकट दूर होने, भू-जल स्तर बढऩे तथा सिंचाई सुविधाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा। वर्षों से किडनी रोग की समस्या झेल रहे क्षेत्र के ग्रामीणों ने इस निर्णय का स्वागत किया है।

अब गांवों में होगी एआई से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी

जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने एआई आधारित प्रतियोगी परीक्षा अकादमी शुरू करने का निर्णय लिया है। एसएससी, व्यापम, रेलवे और अग्निवीर जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को विशेषज्ञ मार्गदर्शन, टेस्ट सीरीज और आधुनिक शिक्षण सुविधाएं मिलेंगी। 12 जून को करियर काउंसलिंग सेमिनार और 22 जून से नियमित कक्षाएं शुरू होंगी।

खाद-बीज की कमी नहीं, अफवाहों से बचने की अपील

खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ जिले में खाद और बीज का उठाव तेजी से हो रहा है। अब तक किसानों ने 4,710 मीट्रिक टन खाद और 4,223 क्विंटल बीज का उठाव किया है। प्रशासन ने बताया कि समितियों में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक और बीज उपलब्ध हैं तथा जमाखोरी रोकने के लिए लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं।

फिट इंडिया के लिए गरियाबंद की सडक़ों पर उतरे लोग

फिट इंडिया मूवमेंट के तहत जिला मुख्यालय में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, खिलाडिय़ों और स्कूली बच्चों ने भाग लेकर फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रैली गांधी मैदान से शुरू होकर गौरवपथ मार्ग तक निकाली गई।

एससी-एसटी विद्यार्थियों के लिए आवासीय शिक्षा का सुनहरा अवसर

आदिवासी विकास विभाग ने अनुसूचित क्षेत्र के एससी-एसटी विद्यार्थियों के लिए विज्ञान एवं वाणिज्य शिक्षण केंद्रों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, आवासीय सुविधा और उच्च शिक्षा के लिए विशेष सहयोग प्रदान किया जाएगा।

सुरसाबांधा में स्वच्छता की अलख

स्वच्छ भारत मिशन के तहत सुरसाबांधा में विशेष ग्राम सभा आयोजित कर ग्रामीणों को कचरा पृथक्करण और स्वच्छता नियमों की जानकारी दी गई। इस दौरान गोबरधन प्लांट का निरीक्षण किया गया और पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण भी किया गया।


अन्य पोस्ट