गरियाबंद

तीन बार की पार्षद व नेता प्रतिपक्ष संध्या राव ने दिया कांग्रेस से इस्तीफा
10-Jun-2026 8:18 PM
तीन बार की पार्षद व नेता प्रतिपक्ष संध्या राव ने दिया कांग्रेस से इस्तीफा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 10 जून। नगर पालिका परिषद गोबरा-नवापारा की वर्तमान नेता प्रतिपक्ष, तीन बार की निर्वाचित पार्षद और कांग्रेस की मजबूत महिला चेहरा संध्या राव के पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया है। संध्या राव के इस फैसले को कांग्रेस के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। संध्या राव ने कांग्रेस संगठन को अपना इस्तीफा सौंपते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोडऩे की घोषणा की। उनके इस निर्णय के बाद नगर की राजनीति में चर्चाओं और कयासों का दौर शुरू हो गया है।

ज्ञात हो कि संध्या राव को नगर की महिलाओं के बीच विशेष लोकप्रियता हासिल है। महिला सुरक्षा, स्व-सहायता समूह, सामाजिक समस्याओं और जनहित के मुद्दों पर वे हमेशा मुखर रही हैं। चाहे नगर की मूलभूत सुविधाओं का मामला हो या किसी जरूरतमंद परिवार की समस्या, उन्होंने हर स्तर पर लोगों की आवाज बनने का प्रयास किया। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि संध्या राव के इस्तीफे से कांग्रेस संगठन को संगठनात्मक और चुनावी दोनों स्तर पर नुकसान हो सकता है।  संध्या राव के इस्तीफे के बाद अब सभी की नजर उनके अगले निर्णय पर टिकी हुई है। 


अन्य पोस्ट