गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 9 जून। पर्यावरण संरक्षण, जल बचाव और हरित छत्तीसगढ़ के संकल्प को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ द्वारा पूरे प्रदेश में वृक्षारोपण, पर्यावरण एवं जल संरक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से समाज के लोगों सहित आम नागरिकों को अधिक से अधिक पौधे लगाने, जल स्रोतों के संरक्षण तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में लगातार पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में पाण्डुका में साहू समाज 22 पाली परिक्षेत्र के पदाधिकारियों एवं समाजजनों द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष साधना साहू एवं डीएसपी बलौदाबाजार के नेतृत्व में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक भी किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ.नीरेंद्र साहू ने कहा कि प्रकृति मानव जीवन का आधार है। जल, वायु, पेड़-पौधे और हरियाली के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए सुरक्षित भविष्य तैयार करने का अभियान है। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी मानकर आगे आए, तो आने वाले समय में जल संकट और प्रदूषण जैसी समस्याओं पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।
उन्होंने लोगों से जल संरक्षण के लिए भी जागरूक रहने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान एक पौधा – एक संकल्प का संदेश देते हुए उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। समाजजनों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अपने आसपास अधिक से अधिक हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में युवाओं और महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। इस अवसर पर हाईकोर्ट एडवोकेट अजय साहू, खुशबू साहू, चिंटू साहू, चारु साहू, आकांक्षा साहू, प्रखर साहू, तारणी साहू, वीरेंद्र साहू, गुलाब साहू, युवराज साहू, महेंद्र साहू, धर्मेंद्र साहू, कृष्ण कुमार साहू, गोवर्धन साहू, दिनेश साहू, खेमलाल पटेल,सरवन साहू सहित साहू समाज 22 पाली परिक्षेत्र के अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।


