गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 9 जून। गरियाबंद जिले के छुरा क्षेत्र में वन विभाग के कर्मचारियों पर पद के दुरुपयोग, कथित अवैध वसूली, धमकी और उत्पीडऩ के गंभीर आरोप लगे हैं। ग्राम खुडिय़ाडीही के आदिवासी किसान हरेन्द्र कंवर सहित रामकुमार यादव, रामरतन नागेश और पारस पटेल ने कलेक्टर एवं वन मंडलाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार को छुरा क्षेत्र के पीडि़त आदिवासी किसान हरेंद्र कंवर के साथ रामकुमार यादव कलेक्ट्रेट पहुंच कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपा। शिकायत के अनुसार किसान अपनी निजी राजस्व भूमि पर कृषि कार्य करा रहे थे। इसी दौरान वन विभाग के एक वनरक्षक और डिप्टी रेंजर ने भूमि को वन क्षेत्र बताकर कार्रवाई एवं जेसीबी जब्त करने का भय दिखाया। आरोप है कि कर्मचारियों ने मामले को रफा-दफा करने के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग की, जिसके बाद 35 हजार रुपये की कथित वसूली की गई।
पीडि़त किसानों का कहना है कि शिकायत की जानकारी मिलने के बाद मामले को दबाने तथा शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया गया। शिकायतकर्ताओं ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। किसानों ने बताया कि इस मामले की जानकारी पूर्व में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को भी दी गई थी। वहीं कलेक्टर ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।


