गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 8 जून। नगर के मुख्य मार्गों पर रेत परिवहन करने वाले भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लगातार बढ़ती सडक़ दुर्घटनाओं को लेकर आखिरकार नगर पालिका परिषद ने बड़ा और ऐतिहासिक फैसला ले लिया है।
गोबरा-नवापारा नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा की बैठक में अध्यक्ष ओम कुमारी संजय साहू, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, नेता प्रतिपक्ष संध्या राव सहित पक्ष-विपक्ष के सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से सोमवारी बाजार के पास बैरियर लगाने का निर्णय लिया। इस बैरियर के माध्यम से प्रतिबंधित समय में नगर के भीतर रेत से भरे हाइवा वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी।
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार सुबह 6 बजे से रात्रि 10.30 बजे तक नगर के मुख्य मार्गों से रेत परिवहन करने वाले हाइवा वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान बैरियर लगाकर केवल रेत से भरे भारी वाहनों को रोका जाएगा, जबकि अन्य व्यवसायिक, मालवाहक एवं आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी रहेगी।
नगर पालिका परिषद ने बताया कि धमतरी जिले की विभिन्न रेत खदानों से प्रतिदिन सैकड़ों हाइवा वाहन नगर के भीतर से गुजरते हैं। भारी वाहनों के कारण शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और कई बार गंभीर सडक़ हादसे भी हो चुके हैं। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों द्वारा लंबे समय से दिन के समय रेत हाइवा वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की जा रही थी। नगरवासियों ने परिषद के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे सडक़ सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और आमजन की सुविधा के लिए बेहद जरूरी कदम बताया है। लोगों का मानना है कि इस निर्णय से मुख्य मार्गों पर दुर्घटनाओं में कमी आएगी ।
और शहर का यातायात अधिक सुरक्षित एवं सुगम बन सकेगा।
नपा.अध्यक्ष ओम कुमारी संजय साहू ने कहा कि नगरवासियों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। लगातार मिल रही शिकायतों और दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए परिषद ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया है। बैरियर लगने के बाद प्रतिबंधित समय में रेत हाइवा वाहनों का प्रवेश पूरी तरह रोका जाएगा, जिससे आम लोगों को राहत मिलेगी।
नेता प्रतिपक्ष संध्या राव का कहना है कि यह फैसला राजनीति से ऊपर उठकर नगरहित में लिया गया है। पक्ष और विपक्ष ने एकमत होकर जनता की मांग को स्वीकार किया है। हमें उम्मीद है कि इससे सडक़ दुर्घटनाओं में कमी आएगी और नागरिकों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था मिलेगी। पालिका उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी का ने कहा कि नगर में भारी वाहनों के कारण लगातार यातायात बाधित हो रहा था। परिषद का यह निर्णय जनभावनाओं के अनुरूप है। बैरियर व्यवस्था लागू होने के बाद नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा ताकि नगरवासियों को सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात मिल सके।


