गरियाबंद

एक पेड़ मां के नाम: सीएम ने पीपल पौधा रोपित कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, जनप्रतिनिधियों ने भी रोपे पौधे
07-Jun-2026 4:17 PM
एक पेड़ मां के नाम: सीएम ने पीपल पौधा रोपित कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, जनप्रतिनिधियों ने भी रोपे पौधे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद,7 जून  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित संभागीय समीक्षा बैठक में शामिल होने गरियाबंद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिला पंचायत कार्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पीपल का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण का संदेश दिया।

 श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गत वर्ष ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की गई थी। यह अभियान लोगों को अपनी माताओं के सम्मान में पौधारोपण के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी पूरे देश में यह अभियान उत्साहपूर्वक संचालित किया जा रहा है तथा इसके तहत प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू, बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, जनसंपर्क विभाग के आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल, संभागायुक्त श्याम धावड़े, पुलिस महानिरीक्षक  अमरेश मिश्रा, कलेक्टर बीएस उइके, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर सहित अन्य जिले के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट