गरियाबंद

मदनपुर में पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
07-Jun-2026 4:04 PM
मदनपुर में पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 7 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत मदनपुर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरपंच गीता बाई, उप सरपंच मतवाला राम ठाकुर, ग्राम पंचायत सचिव तीजू राम कपिल, रोजगार सहायक पंचगन तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस दौरान हीराबांधा तालाब के किनारे नीम, करंज, पीपल, बरगद एवं आम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत सचिव तीजू राम कपिल ने उपस्थित ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल की शपथ दिलाई। सभी ने पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।  इस अवसर पर सरपंच गीता बाई ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अनमोल उपहार हैं। पेड़-पौधे हमें शुद्ध वायु, छाया, फल एवं जीवन के लिए आवश्यक संसाधन प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी देखभाल भी करे।

 उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि लगाए गए पौधों को केवल रोपित न करें, बल्कि उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं ताकि आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सके। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए वृक्षारोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश दिया गया।

 


अन्य पोस्ट