गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 5 जून। सुशासन तिहार के अंतर्गत पीएम श्री हरिहर हाई स्कूल मैदान में आयोजित समाधान शिविर में नगर की वर्षों पुरानी और गंभीर जनसमस्याएं को प्रमुखता से उठाई गईं। जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष व पूर्व पालिकाध्यक्ष धनराज मध्यानी और महामंत्री सौरभ शर्मा ने व्यापारी संगठनों, सामाजिक प्रतिनिधियों तथा नागरिकों की ओर से मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र सौंपकर नगर हित से जुड़े मुद्दों के त्वरित निराकरण की मांग की।
मांग पत्र में नवापारा राजिम की जीवनदायिनी महानदी की बदहाल स्थिति पर चिंता जताई गई। नागरिकों ने बताया कि नदी में मुरुम, मिट्टी और घास-फूस जमा होने से जल प्रवाह प्रभावित हो रहा है। महानदी में जमी मुरुम,मिट्टी और घास-फूस की वजह से जल प्रवाह प्रभावित है। पानी की जमाव के कारण गंदगी फैल गई है, निस्तारी योग्य नहीं है। जिसके कारण भविष्य में जल संकट और पर्यावरणीय समस्याएं गंभीर रूप ले सकती हैं। नगर वासियों ने अवैध रेत परिवहन को भी बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि दिन में प्रतिबंध के बावजूद दूसरे जिलों से भारी रेत वाहन लगातार नगर में प्रवेश कर रहे हैं। इससे सडक़ दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है और कई लोगों की जान भी जा चुकी है।
उन्होंने ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पीएमश्री हरिहर हाई स्कूल मैदान के आसपास अतिक्रमण कर संचालित अस्थायी दुकानों का मुद्दा भी शिविर में उठा। मांग की गई कि छोटे और बड़े व्यापारियों के लिए व्यवस्थित स्थायी दुकानों का निर्माण कराया जाए, जिससे व्यापार को बढ़ावा मिलने के साथ नगर पालिका और विद्यालय को भी आर्थिक लाभ हो सके। वहीं बढ़ती आबादी को देखते हुए पूर्व में स्वीकृत दो मुक्तिधामों के निर्माण कार्य को पुन: शुरू कराने की मांग भी प्रमुखता से उठी। इसके अलावा मोहल्लों में खुलेआम हो रही अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग करते हुए नागरिकों ने कहा कि इससे सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और युवाओं प नकारात्मक असर पड़ रहा है मांगपत्र में कहा गया कि त्रिवेण संगम क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक औ व्यापारिक केंद्र होने के बावजूद गोबरा नवापारा मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है।
नगरवासियों ने सुशासन तिहार के मंच से उठाई गई मांगों पर शासन से शीघ्र और ठोस कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।


