गरियाबंद

सुशासन तिहार: सांसद बृजमोहन के सख्त तेवर, लापरवाह अफसरों को लगाई फटकार
04-Jun-2026 3:34 PM
सुशासन तिहार: सांसद बृजमोहन के सख्त तेवर, लापरवाह अफसरों को लगाई फटकार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 4 जून। सुशासन तिहार के तहत गोबरा नवापारा में आयोजित समाधान शिविर में सांसद बृजमोहन अग्रवाल के सख्त तेवर देखने को मिला। उन्होंने वन विभाग के रेंजर की अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए, वहीं कॉलेज में पेयजल संकट को लेकर पीएचई विभाग को फटकार लगाई। सांसद ने सात दिनों के भीतर लंबित समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान ही सुशासन का मूल उद्देश्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शिविर में अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, भाजपा नेता अशोक बजाज, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, सभी वार्डों के पार्षद, भाजपा मंडल अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विजय गोयल, परदेशीराम साहू सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

शिविर में पहुंचते ही सांसद श्री अग्रवाल सबसे पहले सभी विभागों के स्टॉलों में पहुंचकर प्राप्त आवेदनों, उनके निराकरण की स्थिति और विभागीय कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी आवेदक को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

शिविर में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए सांसद श्री अग्रवाल ने कड़े लहजे में प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनता जनार्दन सर्वोपरि है और उनके काम में किसी भी प्रकार की हीला-हवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मंच से ही दो टूक कहा कि शिविर में आए सभी विभागों के आवेदनों का निराकरण हर हाल में 7 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए। जो भी विभाग इस समय-सीमा में काम नहीं करेगा, उसके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई होगी।

लापरवाह रेंजर को मंच से ही सस्पेंड करने के निर्देश

सुशासन तिहार के दौरान जब कुलेश्वर महादेव शासकीय महाविद्यालय की बाउंड्री वॉल निर्माण में वन विभाग द्वारा आपत्ति लगाने और क्षेत्र के रेंजर के बिना किसी पूर्व सूचना के नदारद रहने की बात सामने आई, तो सांसद  का कड़ा रुख देखने को मिला। उन्होंने मंच से ही गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को संबंधित रेंजर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने (निलंबित करने) के निर्देश जारी किए। श्री अग्रवाल ने कहा कि जब सांसद और जिले के तमाम आला अधिकारी जनता की समस्या सुनने बैठे हैं, तो गैर-जिम्मेदार अधिकारियों की ऐसी मनमानी और लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अवैध कब्जाधारियों और लेटलतीफी पर बरसे सांसद

शिविर में जब हरिहर हाई स्कूल की जमीन पर अवैध कब्जे और नवापारा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की आरक्षित भूमि का हस्तांतरण साल 2013-14 से अटके होने का मामला सामने आया, तो सांसद ने तत्काल मंच पर ही पटवारी, आरआई और तहसीलदार को तलब किया। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा, सरकारी जमीन किसी के बाप की नहीं है, यह जनता और सरकार की संपत्ति है। उन्होंने एसडीएम और प्रशासनिक अमले को निर्देश दिया कि अगले 3 दिनों के भीतर स्कूल की जमीन से अवैध कब्जा हटाया जाए और 7 दिनों के भीतर स्कूल के नाम पर जमीन दर्ज की जाए।

 

नवापारा क्षेत्र को मिली करोड़ों की विकास सौगातें

क्षेत्र के चहुंमुखी विकास और आम जनता की सहूलियत के लिए सांसद श्री अग्रवाल ने सुशासन तिहार के मंच से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। जिसमें नवापारा नगर पालिका के नए प्रशासनिक भवन के निर्माण के लिए 2 करोड़ की भव्य राशि का शिलान्यास किया गया। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला नवापारा में अतिरिक्त कमरों (कक्ष) के निर्माण के लिए सांसद निधि से तत्काल 10 लाख स्वीकृत किए गए। इसके साथ ही, कन्या शाला में भीषण गर्मी के मद्देनजर पेयजल संकट को दूर करने के लिए 7 दिनों के भीतर नया बोरिंग और पंप चालू करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने अखाड़े में अभ्यास करने वाली स्थानीय बेटियों को प्रोत्साहित करने के लिए महावीर बजरंग अखाड़ा को खेल सामग्री एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए 5 लाख की राशि देने की घोषणा की।

सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि पहले की सरकारों में जनता अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए दफ्तरों के चक्कर काटती थी, लेकिन आज हमारी विष्णुदेव साय सरकार का पूरा अमला खुद जनता की चौखट पर आकर बैठा है। आज इस सुशासन शिविर में 300 से अधिक आवेदन आए हैं, जिनमें से 108 नगर पालिका और 75 राजस्व विभाग से जुड़े हैं। बिजली के खराब तार, नालियों की सफाई, पानी की किल्लत जैसी सभी बुनियादी समस्याओं को अधिकारी तत्काल युद्धस्तर पर ठीक करें। यह पहली ऐसी सरकार है जो खुद जनता के बीच आकर अपनी परीक्षा दे रही है।

विकास के नए आयाम गढ़ेगी सरकार- विधायक इंद्र साहू

अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं और आने वाले समय में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं लाई जाएंगी।

पूर्ववर्ती सरकार की नीतियों से बढ़ी समस्याएं - ओमकुमारी साहू

नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू ने कहा कि गोबरा-नवापारा में पेयजल एवं गंदे पानी की समस्या पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय किए गए अधूरे और अव्यवस्थित कार्यों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने नगर विकास को नई गति देते हुए लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से नवीन नगर पालिका भवन का भूमिपूजन कराया है, जिससे नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं मिलेंगी।


अन्य पोस्ट