गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 29 मई। भारतीय जनता पार्टी में संगठन विस्तार के तहत नई नियुक्तियों का दौर जारी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, जिलाध्यक्ष श्याम नारंग,जिला भाजयुमो अध्यक्ष पिंटू साहू एवं मंडल अध्यक्ष नागेन्द्र वर्मा की अनुशंसा पर संगठन के पदाधिकारियों की घोषणा की गई। इसमें सक्रिय युवा नेता लीलाराम निषाद को गोबरा नवापारा भाजयुमो का मण्डल मंत्री नियुक्त किया गया है। नियुक्ति की खबर मिलते ही पार्टी संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में हर्ष का माहौल है। सभी ने लीलाराम निषाद को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
नवनियुक्त मंडल मंत्री लीलाराम निषाद ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, जिलाध्यक्ष, भाजयुमो जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरते हुए सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे।
पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं को आम जनमानस तक पहुंचाने का भरसक प्रयास किया जाएगा। युवाओं को जोडक़र पार्टी की विचारधारा घर-घर तक पहुंचाई जाएगी। लीलाराम निषाद की नियुक्ति से युवाओं में नया जोश देखने को मिल रहा है।


