गरियाबंद

तेज धूप और लू का प्रहार, सावधानी से करें मातृ सुरक्षा हर बार
28-May-2026 3:09 PM
तेज धूप और लू का प्रहार, सावधानी से करें मातृ सुरक्षा हर बार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 नवापारा राजिम, 28 मई। गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। तेज धूप और लू के कारण आमजन के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर भी खतरा बढ़ गया है। उच्च तापमान गर्भावस्था में कई स्वास्थ्य संबंधी जोखिम पैदा कर सकता है। लेकिन समुचित देखभाल और सावधानी से सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित किया जा सकता है। 

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गोबरा नवापारा के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजेन्द्र साहू ने बताया कि ग्रीष्म ऋतु में लू लगना आम बात है। तेज धूप एवं गर्मी के कारण लू लगने से हर साल बीमार होने के अनेक मामले सामने आते हैं। लू लगने का प्रमुख कारण शरीर में नमक और पानी की कमी होना है। पसीने के रूप में नमक और पानी का बड़ा हिस्सा शरीर से बाहर निकल जाता है और खून में गर्मी बढ़ जाती है। यह स्थिति खतरनाक एवं जानलेवा भी हो सकती है। 

डॉ.साहू ने बताया कि सिर में भारीपन एवं सर दर्द होना, तेज बुखार के साथ मुंह का सूखना, चक्कर व उल्टियां आना,कमजोरी के साथ शरीर में अत्यधिक दर्द,पसीना नहीं आना, अधिक प्यास लगना लेकिन पेशाब कम होना, भूख कम लगना, घबराहट और बैचेनी लगना, बेहोशी आना लू के प्रमुख लक्षण हैं। बहुत तेज बुखार, त्वचा का सूखा, गर्म व लाल होना, हाथ-पैरों में दर्द होना भी गंभीर संकेत हैं। 

स्वास्थ्य विभाग ने लू से बचाव तथा जल जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक तैयारी के निर्देश दिए हैं। लू से बचने के लिए अधिक से अधिक पानी पिएं। प्यास न लगी हो तब भी पानी पिएं ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। हल्के रंग के पसीना शोषित करने वाले ढीले व सूती कपड़े पहनें। गर्मी में शीघ्र पचने वाला भोजन करें। धूप में निकलते समय गमछा, चश्मा, छाता, टोपी व पैरों में चप्पल का उपयोग अवश्य करें।

खाली पेट घर से बाहर न निकलें। गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष सलाह  बताते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचना चाहिए। पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी या नारियल पानी का सेवन करें। चक्कर, सिरदर्द या मतली होने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें। डॉ.तेजेन्द्र साहू ने कहा कि सतर्क रहें, सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करें। थोड़ी सी सावधानी से लू के प्रहार को मात दी जा सकती है।


अन्य पोस्ट