गरियाबंद

रसोइयों का प्रशिक्षण
20-May-2026 4:20 PM
रसोइयों का प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 20 मई। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत विकासखंड अभनपुर के रसोइयों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बजरंग दास शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अभनपुर में आयोजित किया गया।

इस प्रशिक्षण में विकासखंड के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के लगभग 650 रसोइयों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विकासखंड शिक्षा अधिकारी धनेश्वरी साहू के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मध्यान्ह भोजन योजना विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास से सीधे जुड़ी एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके प्रभावी क्रियान्वयन में रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने फोर्टिफाइड चावल के महत्व, उपयोगिता एवं पोषण संबंधी लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि यह बच्चों में कुपोषण की समस्या को कम करने में सहायक है। साथ ही, रसोइयों को भोजन निर्माण के दौरान स्वच्छता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने हेतु प्रेरित किया। प्रशिक्षण के दौरान सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार साहू ने भोजन निर्माण में व्यक्तिगत स्वच्छता, रसोईघर की साफ-सफाई, संतुलित एवं पोषणयुक्त आहार की आवश्यकता तथा खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण एवं उपयोग के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया। विद्यालय की प्राचार्य जानकी साहू ने स्वच्छता के साथ-साथ समर्पित भाव से भोजन बनाने एवं परोसने पर विशेष जोर दिया। मास्टर ट्रेनर बसंत दीवान, हेमंत साहू, टिकेंद्र साहू,  सोमा बनिक एवं  शशिकिरण साहू द्वारा प्रशिक्षण को व्यवहारिक रूप देते हुए रसोइयों को फोर्टिफाइड चावल की सही उपयोग विधि, रसोईघर की स्वच्छता।

 गैस एवं अन्य ईंधनों के सुरक्षित उपयोग तथा भोजन वितरण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी पीपीटी एवं वीडियो के माध्यम से दी गई।

प्रशिक्षण सत्र को संवादात्मक बनाते हुए प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।


अन्य पोस्ट