गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 17 मई। गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रक्सा-बासीन के जंगल में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में हडक़ंप मच गया। शव के पास युवक की बाइक और जहर का डिब्बा भी मिला है। शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह ग्रामीणों ने जंगल के भीतर एक युवक का शव पड़ा देखा। देखते ही देखते इलाके में खबर आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर फिंगेश्वर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से युवक की मोटरसाइकिल और कुछ दस्तावेज मिले, जिसके आधार पर मृतक की पहचान खेमप्रकाश दीवान निवासी ग्राम नागझर, थाना पाण्डुका, जिला गरियाबंद के रूप में हुई।
जहर का डिब्बा मिलने से बढ़ा सस्पेंस
जांच के दौरान पुलिस को शव के पास से जहर का डिब्बा भी बरामद हुआ है। ऐसे में मामला आत्महत्या, हादसा या फिर सुनियोजित हत्या का है, इसे लेकर संशय बना हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आसपास के ग्रामीणों और मृतक के परिचितों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है। यह भी पता लगाया जा रहा है मृतक इस इलाके में दोस्तों के साथ आया था या किसी निजी काम से वहां पहुंचा था? इन तमाम पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।


