गरियाबंद

सुशासन तिहार: मुंगझर जनसमस्या निवारण शिविर में 902 आवेदन
17-May-2026 10:29 PM
सुशासन तिहार: मुंगझर जनसमस्या निवारण शिविर में 902 आवेदन

जनप्रतिनिधियों ने पारदर्शी शासन और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 17 मई। सुशासन तिहार 2026 के तहत गरियाबंद जिले में लगातार जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में15 मई को देवभोग विकासखण्ड के ग्राम मुंगझर स्थित शासकीय मिडिल स्कूल परिसर में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजित किया गया। उक्त  शिविर में आसपास के 18 गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।

शिविर में 902 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 857 मांग एवं 45 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। प्राप्त आवेदनों में से अधिकांश का निराकरण मौके पर ही कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सुशासन के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने पीएम आवास, राशन कार्ड, महतारी वंदन योजना, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि शासन का उद्देश्य हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ सरलता से पहुंचाना है।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि अपनी समस्याएं सीधे विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उनका त्वरित निराकरण किया जा सके। उन्होंने बताया कि कई नागरिक लंबे समय तक ओडिशा में निवास करने के कारण आवास सूची और राशन कार्ड से वंचित रह गए थे। प्रशासन को जानकारी मिलने के बाद उनके नाम आवास सूची में जोडऩे की प्रक्रिया शुरू की गई तथा शिविर में राशन कार्ड भी उपलब्ध कराया गया।

जिला पंचायत सदस्य नेहा सिंघल ने कहा कि शासन द्वारा प्रतिवर्ष ऐसे शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिससे गांव स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि इन शिविरों से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ वास्तविक लाभ भी प्राप्त हो रहा है।

पूर्व विधायक गोवर्धन मांझी ने कहा कि जिले में सुशासन तिहार के कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किए जा रहे हैं तथा पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें तत्काल योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।

शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। मत्स्य विभाग द्वारा हितग्राहियों को मछली पकडऩे के जाल वितरित किए गए। समाज कल्याण विभाग ने दो दिव्यांग हितग्राहियों को ट्रायसायकल प्रदान किया। इसके अलावा राशन कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड का भी वितरण किया गया।

शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर कलेक्टर बीएस उइके, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट