गरियाबंद
ग्रामीणों ने रखीं सडक़-बिजली सहित कई मांगें
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपुर, 15 मई। गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बोईरगांव के आश्रित ग्राम डुमरघाट में गुरूवार को बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक राम ध्रुव मोटरसाइकिल से पहुंचे।
क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के अनुसार, गांव तक पहुंचने के लिए सडक़ सुविधा सीमित है और पहले जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का यहां पहुंचना कम हुआ है। ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत किया और स्कूल परिसर के पास आयोजित बैठक में अपनी समस्याएं रखीं।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक पक्की सडक़ नहीं होने के कारण बरसात के दौरान आवागमन प्रभावित होता है। उनका कहना था कि बीमारों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में दिक्कत होती है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि गांव में अब तक बिजली सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी है। कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूर्व में बिजली सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा हुई थी, लेकिन अब तक कार्य पूरा नहीं हुआ।
ग्रामीण गल्लुराम कश्यप, रामेश्वर नेताम, बंशीराम कश्यप, जागेश्वर, अर्जुन नेताम, कुशल यादव, मानकी बाई, राजोबाई और सुकोबाई ने बताया कि राशन लेने के लिए उन्हें दूसरे गांव जाना पड़ता है। ग्रामीण महिलाओं ने कहा कि महतारी वंदन योजना से जुड़े केवाईसी कार्य के लिए भी गांव से बाहर जाना पड़ता है, क्योंकि क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा नहीं है।
समस्याओं को लेकर आंदोलन की बात
विधायक जनक ध्रुव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें डुमरघाट आने का अवसर मिला। उन्होंने गांव में रंगमंच निर्माण के लिए विधायक निधि से राशि देने की घोषणा की। साथ ही सडक़ और बिजली जैसी समस्याओं को लेकर संबंधित स्तर पर पहल करने और आवश्यकता पडऩे पर आंदोलन करने की बात कही।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, जनपद सदस्य सुकचंद ध्रुव, सरपंच प्रतिनिधि सहदेव सांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी तैनात था।
ग्रामीणों ने जताई उम्मीद
जनपद सदस्य सुकचंद ध्रुव, सरपंच प्रतिनिधि सहदेव सांडे और देवीसिंह कमलेश ने कहा कि गांव में सडक़, बिजली और संचार जैसी सुविधाओं की आवश्यकता लंबे समय से बनी हुई है। उन्होंने विधायक को गांव की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया और समाधान की मांग की।


