गरियाबंद

मरौंदा जनसमस्या निवारण शिविर में 14 गांवों के ग्रामीण लाभान्वित
14-May-2026 3:20 PM
मरौंदा जनसमस्या निवारण शिविर में 14 गांवों के ग्रामीण लाभान्वित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 14 मई।  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित सुशासन तिहार 2026 के तहत गरियाबंद विकासखण्ड के ग्राम मरौंदा में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 14 गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए, जहां 400 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए और अधिकांश मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर ने कहा कि समाधान शिविर केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्वयं गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का निराकरण कर रहा है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

जनपद पंचायत अध्यक्ष सोहन ध्रुव ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से निराकरण किया जाए तथा अपूर्ण आवेदन मिलने पर हितग्राहियों को मार्गदर्शन देकर योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ दिया गया। राजस्व विभाग ने सढ़ौली निवासी किसान गौकरण सिंह सोम की 1.48 हेक्टेयर भूमि का रकबा संशोधन किया। स्वामित्व योजना के तहत 10 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरित किए गए। पशुधन विकास विभाग ने उन्नत मादा वत्स पालन योजना अंतर्गत 4 किसानों को 16 बोरी पशु आहार प्रदान किया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2 हितग्राहियों को पूर्ण आवास की चाबियां सौंपी गईं।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 5 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा एक शिशु का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। वहीं मछली पालन विभाग ने जय बड़ादेव मछुआ समिति सहित हितग्राहियों को 5 नग जाल वितरित किए।

इस दौरान बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले गरियाबंद विकासखण्ड के 10 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम सुश्री हितेश्वरी बाघे, तहसीलदार श्री चितेश देवांगन, जनपद सीईओ श्री के.एस. नागेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट