गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 12 मई। भारत की जनगणना वर्ष 2026-27 का कार्य 1 मई से प्रारंभ होकर 31 मई तक चलेगा।
इसी क्रम में नगर पंचायत राजिम के वार्ड क्रमांक 6 में नियुक्त जनगणना प्रगणक डोमन सोनकर एवं सुरेश कंडरा ने भीषण गर्मी में दोपहर राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू के निवास मकान क्रमांक 399, जनगणना मकान क्रमांक 193) पर पहुँचकर जनगणना कार्य संपन्न किया। प्रगणकों के घर पहुँचते ही श्री साहू ने उनका आत्मीय स्वागत किया। सबसे पहले ठंडा पानी पिलाया गया तथा चाय से सत्कार किया गया। इसके पश्चात प्रगणक डोमन सोनकर ने मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन जनगणना प्रक्रिया प्रारंभ की। जनगणना में कुल 34 प्रश्न शामिल थे,जिनमें मकान की स्थिति, रहन-सहन,कमरों की संख्या,परिवार के सदस्यों की संख्या,परिवार मुखिया का नाम आदि प्रमुख रहे।
जाति संबंधी कॉलम 13 में अनुसूचित जाति,अनुसूचित जनजाति एवं अन्य—ये तीन विकल्प उपलब्ध थे। इस पर श्री साहू द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में प्रगणक ने स्पष्ट किया कि पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग की जातियों को भी अन्य विकल्प में ही दर्ज किया जा रहा है। आगे पेयजल, शौचालय, नाली, रसोई गैस, टीवी, मोबाइल, लैपटॉप, कंप्यूटर, रेडियो, कार-मोटरसाइकिल जैसी सुविधाओं तथा उपभोग किए जाने वाले अनाज (गेहूं, चावल) से संबंधित जानकारी ली गई। पूरी प्रक्रिया लगभग 5 मिनट में ऑनलाइन सबमिट कर पूर्ण की गई।
जनगणना कार्य पूर्ण होने के बाद श्री साहू ने प्रगणकों से उनके अनुभव के बारे में जानकारी ली। प्रगणक डोमन सोनकर ने बताया कि वे स्थानीय होने के कारण लोगों का सहयोग मिलता है, सभी सम्मानपूर्वक व्यवहार करते हैं और किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती। उन्होंने कहा कि भारत की जनगणना जैसे राष्ट्रीय कार्य में सहभागी बनना उनके लिए गर्व और खुशी की बात है। अंत में, राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू ने नागरिकों से अपील की कि भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में जनगणना जैसे राष्ट्रीय दायित्व का निर्वहन कर रहे प्रगणकों का सम्मान करें। उनके घर पहुँचने पर एक गिलास पानी पिलाएँ, बैठने के लिए कुर्सी दें और पूरी सहयोग भावना के साथ जनगणना कार्य में सहभागिता निभाएँ एवं नागरिक कर्तव्य बोध का पालन करें।