गरियाबंद

मदर्स डे पर मातृशक्तियों का सम्मान
11-May-2026 2:33 PM
मदर्स डे पर मातृशक्तियों का सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा राजिम, 11 मई। नवापारा नगर की प्रतिष्ठित समाजसेवी संगठन पृथ्वीम फाउंडेशन ने मदर्स डे के अवसर पर मातृ शक्तियों का सम्मान किया है। नवापारा नगर की ऐसी माताएं जिन्होंने कठिन परिश्रम,त्याग एवं समर्पण से न केवल अपने बच्चों को शिक्षा दिलवाई बल्कि अच्छे संस्कार से समृद्ध कर समाज में एक महत्वपूर्ण स्थान पर स्थापित किया है।

पृथ्वीम फाउंडेशन की अध्यक्ष योगिता सिन्हा के नेतृत्व में ग्रीन आर्मी की अध्यक्ष रेणुका तिवारी एवं टीम ने नवापारा नगर की कुमुदनी शर्मा एवं टेमिन हिरवानी का शाल एवं श्रीफल देकर सम्मान किया है। उक्त अवसर पर अध्यक्ष योगिता सिन्हा ने बताया कि नवापारा नगर की कुमुदिनी शर्मा एक कुशल गृहणी के साथ साथ अपने बच्चों को शिक्षा एवं संस्कार का पाठ पढ़ाया। उनके चार बच्चों में दो बिटिया अपने ससुराल में खुशहाल है। अपने मां एवं पिता के दिए संस्कार का अनुशरण कर गृहस्थ दाम्पत्य जीवन का कुशल निर्वहन कर रही है। उच्च शिक्षित छोटी बेटी योशिता शर्मा छत्तीसगढ़ के कठिन एवं प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा पास कर श्रम निरीक्षक के पद पर कार्यरत है, एवं कुमुदिनी शर्मा के पुत्र उत्कर्ष शर्मा लगभग दस वर्षों तक बैंकिंग की सेवा छोडक़र समाचार पत्र के युवा रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे है। कुमुदिनी शर्मा ने बच्चों को जो संस्कार एवं अनुशासन का पाठ पढ़ाया उसी का परिणाम है कि उनके चारों बच्चे अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं प्रशंसनीय कार्य कर रहे है। कुमुदनी शर्मा का जीवन बच्चों की परवरिश एवं लालन पालन समाज को प्रेरणा देता। जिसके लिए पृथ्वीम वेलफेयर फाउंडेशन ने सम्मानित किया है। इसी कड़ी में पृथ्वीम वेलफेयर सोसायटी ने नगर के युवा पत्रकार,शिक्षक एवं समाजसेवी विशेषर हिरवानी की माताजी टेमिन हिरवानी का सम्मान किया। शादी के आठ वर्षों में ही अपने पति को खो चुकी टेमिन हिरवानी ने मेहनत मजदूरी कर बेटे विशेषर हिरवानी को न केवल अच्छी शिक्षा उपलब्ध करवाए बल्कि संस्कारवान बनाया। उनकी कठिन परिश्रम एवं त्याग का परिणाम रहा कि बेटा विशेषर हिरवानी उच्च शिक्षा ग्रहण कर नगर के प्रतिष्ठित निजी विद्यालय में व्याख्याता के पद पर कार्यरत है। समाचार पत्र रिपोर्टर के साथ सामाजिक कार्यों में विशिष्ट पहचान स्थापित किया है।

 टेमिन हिरवानी का जीवन, त्याग एवं परिश्रम सभी मातृशक्तियों के लिए प्रेरणादायक है।

मातृशक्तियों के सम्मान के अवसर पर पूर्व पार्षद हर्षा कंसारी, रेखा वंजारी, ग्रीन आर्मी टीम की सदस्य मंजू अग्रवाल,विशेषर हिरवानी एवं बड़ी संख्या में मातृ शक्तियां उपस्थित रही।


अन्य पोस्ट