गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 10 मई। नवापारा क्षेत्र में शादी समारोह से लौट रहे एक युवक पर रास्ता पूछने के बहाने हमला कर दिया गया। तीन युवकों ने पहले गाली-गलौज की, फिर जान से मारने की धमकी देते हुए युवक पर हमला कर दिया। आरोपियों में से एक ने चाकू निकालकर युवक के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।
माना बस्ती निवासी पीडि़त डीगेश्वर वैष्णव ने पुलिस को बताया कि वह एसीटी होंडा माना बस्ती में मैकेनिक का काम करता है। 3 मई की शाम वह अपने दोस्तों कमल नारायण सिन्हा और चंदन ध्रुव के साथ ग्राम आलेखुटा में शादी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। रात करीब 9.45 बजे तीनों वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान कुर्रा चौक के आगे तालाब के पास वे बाथरूम करने रुके थे। तभी वहां तीन अज्ञात युवक पहुंचे और रास्ता पूछने लगे। रास्ते की जानकारी नहीं होने की बात कहने पर आरोपी भडक़ गए और अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद तीनों ने मिलकर युवक के साथ मारपीट की। पीडि़त के मुताबिक आरोपियों में से एक ने अपने पास रखा चाकू निकालकर उसके सिर पर हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे दोस्तों ने किसी तरह उसे बचाया। बाद में गांव वालों से पूछताछ करने पर आरोपियों की पहचान देवा कुर्रे, करण गिलहरे और हर्षु कुर्रे निवासी ग्राम कुर्रा के रूप में हुई। घटना के बाद पीडि़त ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 118(1), 296, 3(5), 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच में जुट गई है।


