गरियाबंद

31 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
10-May-2026 3:28 PM
31 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा राजिम, 10 मई। महिला एवं बाल विकास विभाग (परियोजना अभनपुर) के तत्वावधान में ग्राम तूता के कुर्मी बैस क्षत्रीय भवन में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस समारोह में क्षेत्र के कुल 31 जोड़ों का विवाह पूरे विधि-विधान के साथ आठ कुण्डीय हवन कुंड में अग्नि को साक्षी मानकर संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा सामूहिक विवाह फिजूल खर्ची को रोकने और सामाजिक समरसता बढ़ाने का बेहतरीन माध्यम है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। शासन की मंशा है कि आर्थिक तंगी की वजह से किसी भी बेटी की शादी न रुके। विधायक ने जोड़ों को सुखद गृहस्थ जीवन की शुभकामनाएं देते हुए शासन द्वारा मिलने वाली सहायता राशि व उपहार भेंट किए। भव्य आयोजन पंडित हरिप्रसाद तिवारी के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार और हवन पूजन के साथ 31 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। जिसमें एक दिव्यांग जोड़े का भी विवाह हुआ। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल,जनपद अध्यक्ष  चंद्रिका जितेन्द्र बंजारे, जिला पंचायत सदस्य पूजा लोकमणी कौशले सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। वहीं पर्यवेक्षक रेखा साहू,रश्मि वर्मा, सरोज मेम,कंचन प्रभा,स्मिता ध्रुव, खेमेश्वरी वर्मा,अम्बा पटेल,रेखा राजपूत,रोशन, साहू,कार्यकर्ता कल्याणी कंसारी,ललिता सेन,कुंती साहू एवं मैदानी अमले ने ढ़ोल नागाड़े बाजे की धुन में थिरकते बारात का स्वागत किए।


अन्य पोस्ट