गरियाबंद

टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में अवैध कब्जे पर बड़ा एक्शन
09-May-2026 4:29 PM
टाइगर रिजर्व के कोर एरिया   में अवैध कब्जे पर बड़ा एक्शन

 166 आरोपियों की अग्रिम जमानत खारिज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद , 9 मई। उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में अवैध अतिक्रमण और बड़े पैमाने पर वन क्षति के मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय धमतरी ने बड़ा फैसला सुनाते हुए सभी 166 आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिकाएं खारिज कर दी हैं। इसके साथ ही अब आरोपियों की गिरफ्तारी और वैधानिक कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया है।

उदंती उप निदेशक वरुण जैन से मिली जानकारी के अनुसार, पहले 31 आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका 2 मई 2026 को निरस्त की गई थी, जबकि शेष 135 आरोपियों की याचिकाएं 8 मई 2026 को खारिज कर दी गईं। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने टाइगर रिजर्व के संरक्षित कोर क्षेत्र में अवैध रूप से कब्जा कर लंबे समय तक जंगल को भारी नुकसान पहुंचाया। हाल ही में लगभग 574 पेड़ों को घेरकर सुखाया गया, 237 पेड़ों की कटाई की गई और कई ठूंठों को जलाने के प्रमाण भी मिले हैं। उपग्रह विश्लेषण के अनुसार वर्ष 2011 से शुरू हुआ अतिक्रमण 15 वर्षों में बढक़र 106 हेक्टेयर क्षेत्र तक फैल गया।

मामला वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन एक्ट 1972 तथा इंडियन फॉरेस्ट एक्ट 1927 के तहत दर्ज किया गया है।

यह अपराध 7 वर्ष तक के कारावास और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत 5 वर्ष तक की सजा से दंडनीय है।

इसरो से प्राप्त कार्टोसैट उपग्रह चित्रों के विश्लेषण में वर्ष 2008 से 2022 के बीच प्रभावित क्षेत्र में वन आच्छादन में लगातार कमी दर्ज की गई है। जांच के दौरान जले हुए ठूंठ, सुखाए गए पेड़ और अन्य वन क्षति सामग्री भी जब्त की गई है।

वन विभाग ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35 सहित संबंधित कानूनों के तहत सभी 166 आरोपियों को नोटिस जारी किए हैं। कई आरोपियों ने अपने जवाब में स्वीकार किया कि उनके पास अतिक्रमित भूमि का कोई वैध स्वामित्व प्रमाण नहीं है, वहीं कुछ ने जांच में सहयोग भी नहीं किया। सीजी भुइयां ऐप से हुई जांच में अधिकांश आरोपियों के पास टाइगर रिजर्व क्षेत्र के बाहर निजी जमीन होने की भी पुष्टि हुई है।

वन विभाग अब क्षतिग्रस्त 106 हेक्टेयर क्षेत्र के पारिस्थितिक पुनस्र्थापन के लिए व्यापक अभियान चलाएगा। इसके तहत लगभग 50 हजार जल संरक्षण संरचनाएं — कंटूर ट्रेंच, कंटूर बंड और ब्रशवुड चेक डैम — श्रमदान के माध्यम से बनाए जाएंगे। साथ ही वन्यजीवों के लिए भोजन उपलब्धता बढ़ाने और मानव-वन्यप्राणी संघर्ष कम करने हेतु बड़े पैमाने पर फलदार पौधों का रोपण किया जाएगा।


अन्य पोस्ट