गरियाबंद

बारदाना लोड ट्रक में भीषण आग, खाक ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
07-May-2026 4:09 PM
बारदाना लोड ट्रक में भीषण आग, खाक  ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 7 मई। गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर ब्लॉक स्थित ग्राम बिजली के प्रमुख मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चलती ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक आग की लपटों में घिरकर पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हालांकि चालक की सतर्कता के चलते उसकी जान बच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक सीजी 14 एमई 5619, जो कि मां चंडी राइस मिल कुरुद की बताई जा रही है। खाली बारदाना और तिरपाल लेकर कुंडेल भाठा धान संग्रहण केंद्र की ओर धान लोड करने जा रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे ट्रक के इंजन में अत्यधिक गर्मी के कारण अचानक चिंगारियां निकलने लगीं और धुआं उठने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक कमलेश साहू ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत वाहन को रोका और कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और इंजन से होते हुए ट्रक के पिछले हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था और वाहन को भारी नुकसान पहुंचा। फिंगेश्वर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट