गरियाबंद
एक माह में 68 गुम लोगों को पुलिस ने खोजकर परिवारों से मिलाया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 7 मई। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए गए राज्य स्तरीय ‘ऑपरेशन तलाश’ अभियान में गरियाबंद पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस ने केवल एक माह के भीतर 68 गुमशुदा लोगों को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों को सौंपा, जिससे कई परिवारों के चेहरों पर फिर से खुशियां लौट आईं।
पुलिस महानिदेशक के निर्देश एवं मार्गदर्शन में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक राज्यभर में गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान गरियाबंद पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिले के राजपत्रित अधिकारियों और थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने लगातार प्रयास करते हुए जिले सहित अन्य जिलों और दूसरे राज्यों में तलाश अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने 47 गुमशुदा महिलाओं, 14 पुरुषों और 7 बालिकाओं सहित कुल 68 लोगों को खोज निकाला। सभी को सुरक्षित बरामद कर उनके परिवारजनों को सुपुर्द किया गया। लंबे समय से अपनों की तलाश में भटक रहे परिवारों के लिए यह अभियान किसी उम्मीद की किरण से कम नहीं रहा। गरियाबंद पुलिस ने बताया कि कई मामलों में परिजन उम्मीद छोड़ चुके थे, लेकिन पुलिस टीम ने लगातार संपर्क, तकनीकी सहायता और विभिन्न राज्यों में समन्वय बनाकर गुमशुदाओं का पता लगाया। अभियान की सफलता ने यह साबित कर दिया कि पुलिस संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि परिवार का कोई सदस्य गुम होने पर तत्काल नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। गरियाबंद पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा और उनके परिवारों को सुरक्षित रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।


