गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 6 मई। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर ने मंगलवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय और पीएमश्री हायर सेकेंडरी स्कूल, गरियाबंद का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों संस्थानों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, बुनियादी सुविधाओं और निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में उन्होंने समर कैंप में भाग ले रही छात्राओं से संवाद किया और उन्हें अपनी रुचि के अनुसार कौशल विकसित करने तथा आगामी कक्षाओं की तैयारी में जुटने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं ने भी सीईओ के बीच पहुंचने पर उत्साह जताया। उन्होंने अधीक्षिका को हॉस्टल परिसर की स्वच्छता, बच्चों के स्वास्थ्य और आवश्यक मरम्मत कार्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इसके बाद सीईओ पीएमश्री हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों, शौचालय निर्माण और अन्य मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि नए शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने स्कूल में प्रवेश प्रक्रिया के व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों के नामांकन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएमसी श्री शिवेश शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


