गरियाबंद
देवभोग थाने तक पहुंचे—जमीनी हालात का लिया जायजा.
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 4 मई। बीते दिनों छत्तीसगढ़ पुलिस के महानिदेशक अरुण देव गौतम ने शुक्रवार को नक्सल मुक्त होने के बाद पहली बार गरियाबंद जिले का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने जिले के अंतिम छोर तक पहुंचकर विशेष रूप से पूर्व में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया और जमीनी हालात की समीक्षा की।
उन्होंने जिले के सबसे दूरस्थ थाना देवभोग का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों को बदलते हालात में सतर्क रहने, नई चुनौतियों के लिए तैयार रहने और आम जनता को बेहतर एवं भरोसेमंद पुलिसिंग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नक्सल मुक्त होने के बाद पुलिस की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है, ऐसे में जनता का विश्वास बनाए रखना और कानून-व्यवस्था को मजबूत करना प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस बल का मनोबल बढ़ाते हुए उनकी कार्यशैली की सराहना भी की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नीरज चंद्राकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करण कुमार ऊके सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


