गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपुर, 1 मई। गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड स्थित सामुदायिक भवन में ध्रुव गोंड समाज का जिला स्तरीय वार्षिक सम्मेलन और अधिवेशन गुरुवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने सांस्कृतिक गतिविधियों और परंपराओं से जुड़ी प्रस्तुतियों में भाग लिया।
आयोजन की शुरुआत कलश यात्रा और गुदुम बाजा के साथ हुई, जिसमें महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं। दोपहर में ईष्टदेव बुढ़ादेव की पूजा के बाद कलश यात्रा निकाली गई, जो जनपद पंचायत से होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंची।
सम्मेलन में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक एकता जैसे विषयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में ध्रुव गोंड समाज के प्रांताध्यक्ष पन्नालाल ध्रुव, जिला अध्यक्ष पुरनसिंह ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम, लोकेश्वरी नेताम, जनपद अध्यक्ष मोहना नेताम, जनपद सदस्य कुमारीबाई पटेल, सुकचंद ध्रुव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और समाज के लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांताध्यक्ष पन्नालाल ध्रुव ने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज अपनी परंपराओं को आगे बढ़ा सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष पुरनसिंह ठाकुर ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री रामविचार नेताम शामिल नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने संदेश भेजा है।
जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने समाज में एकजुटता पर बल दिया। लोकेश्वरी नेताम ने अपने संबोधन में शिक्षा और संगठन को समाज की प्रगति के लिए आवश्यक बताया। अन्य वक्ताओं ने भी समाज के युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे। आयोजन में बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।


