गरियाबंद

पांडुलिपि विरासत संरक्षण अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 405 तालपत्र पांडुलिपियों का जियो-टैगिंग
01-May-2026 5:08 PM
पांडुलिपि विरासत संरक्षण अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 405 तालपत्र पांडुलिपियों का जियो-टैगिंग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 1 मई।  भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा संचालित ज्ञान भारतम् पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान के तहत गरियाबंद जिले में ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण का कार्य तेज़ी से जारी है। जिले के 324 ग्राम पंचायतों और 6 नगरीय निकायों में पांडुलिपियों के सर्वे का कार्य लगातार किया जा रहा है।

इसी क्रम में कलेक्टर बीएस उइके ने ग्राम कोचईमुड़ा पहुंचकर 75 वर्षीय डमरूराम नागेश के घर दुर्लभ तालपत्र पांडुलिपियों का अवलोकन किया। ये पांडुलिपियां उनके परदादा विद्याधर मांझी द्वारा लगभग एक सदी पूर्व उडिय़ा भाषा में लिखी गई थीं। कुल 367 पृष्ठों में विभाजित इन पांडुलिपियों में ज्योतिष, बीजगणित मंत्र, हरिशचंद्र व्रत कथा, वास्तुशास्त्र, हनुमान प्रसंग एवं रोग निवारण से जुड़े महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।

डमरूराम नागेश ने बताया कि इन पांडुलिपियों का उपयोग उनके पूर्वज विभिन्न निर्णयों और उपचार के लिए करते थे और आज भी लोग परामर्श हेतु उनके पास आते हैं। उन्होंने इन पांडुलिपियों को अत्यंत श्रद्धा और सुरक्षित रूप से संजोकर रखा है।

इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम गोडरबाय में दशमुराम के घर जाकर 38 पृष्ठों की एक अन्य हस्तलिखित तालपत्र पांडुलिपि का निरीक्षण किया। इसमें सर्पदंश, बिच्छू काटने, कुत्ते के काटने, श्वास एवं हड्डी रोग सहित विभिन्न बीमारियों के उपचार संबंधी पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान अंकित है, जिसका उपयोग आज भी किया जा रहा है।

कलेक्टर श्री उइके की उपस्थिति में कुल 405 तालपत्र पांडुलिपियों का जियो-टैगिंग कर संरक्षण सुनिश्चित किया गया। उन्होंने इन धरोहरों को जिले की सांस्कृतिक पहचान बताते हुए इनके डिजिटल संरक्षण और शोध के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने आम नागरिकों से अपील की कि 70 वर्ष या उससे अधिक पुरानी हस्तलिखित पांडुलिपियों की जानकारी प्रशासन को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सर्वे पूरी तरह स्वैच्छिक है और इससे पांडुलिपियों के स्वामित्व पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर सुश्री नेहा भेडिय़ा, जनपद पंचायत सीईओ श्री केएस नागेश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट