गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 30 अप्रैल। शासकीय राम बिशाल पांडेय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, राजिम ने माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक बोर्ड परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता का एक बार फिर परिचय दिया है।
विद्यालय के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों ने शानदार सफलता अर्जित कर विद्यालय, अभिभावकों एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया। विशेष रूप से कक्षा 10वीं के छात्र वरुण साहू ने 575 अंक (95.83) प्राप्त कर न केवल विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया, बल्कि जिले में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। कक्षा 10वीं में जागृति वर्मा ने 557 अंक (92.83) प्राप्त कर द्वितीय स्थान तथा याशिका वर्मा ने 541 अंक (90.16) अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 12वीं में सुहानी बंजारे ने 462 अंक (92) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। द्वितीय स्थान पर ईशान द्विवेदी ने 443 अंक (88.6) अर्जित किए, जबकि ईशा साहू ने 441 अंक (88.2) प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य बी.एल. ध्रुव ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
शाला प्रबंधन एवं विकास समिति (एसएमडीसी) की अध्यक्ष सुजाता शर्मा, राष्ट्रीय आई टी सेल प्रभारी विवेक शर्मा, प्राचार्य बी एल ध्रुव, सांसद प्रतिनिधि सोमनाथ पटेल, विधायक प्रतिनिधि खुशी साहू, प्रबंधन समिति के सदस्य संजीव साहू, चंदन बंजारे, महेंद्र कश्यप, विजेता देवानी, सहित समिति के सदस्यों और शिक्षकों ने बधाई शुभकामनाएं दी है।


