गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 29 अप्रैल। रायपुर जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में जिपं सदस्य यशवंत साहू ने क्षेत्र की जनता और किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को गंभीरता से उठाते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिलवाए।
बैठक में उन्होंने आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों के लिए रासायनिक खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही एग्री स्टैक पोर्टल की त्रुटियों का खामियाजा किसानों को न भुगतना पड़े, इसके लिए कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने रायपुर जिले में व्याप्त पेयजल संकट और गिरते जलस्तर का मुद्दा भी मजबूती से उठाया।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत अनेक स्थानों पर समुचित जल आपूर्ति नहीं हो रही है तथा लगभग 70 प्रतिशत क्षेत्रों में पानी वितरण की समस्या बनी हुई है। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को तत्काल समस्या समाधान के निर्देश दिए।स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अभनपुर, नवापारा एवं विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में एमबीबीएस डॉक्टरों की भारी कमी की ओर सदन का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था लचर हो चुकी है, इसलिए तत्काल डॉक्टरों की नियुक्ति की जाए तथा पर्याप्त मात्रा में दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। पशुधन सेवाओं के संबंध में उन्होंने गांवों में पशु चिकित्सकों की कमी पर सवाल उठाया। विभागीय अधिकारियों ने स्वीकार किया कि लगभग 75 प्रतिशत स्थानों पर चिकित्सकों के पद रिक्त हैं। इस पर यशवंत साहू ने नाराजगी जताते हुए तत्काल रिक्त पदों को भरने के निर्देश दिए। उन्होंने भलेरा सोसायटी में पानी डालने के मामले में कार्रवाई नहीं होने पर अधिकारियों से जवाब तलब किया, जिस पर संबंधित अधिकारियों ने जांच उपरांत शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। शिक्षा के मुद्दे पर उन्होंने क्षेत्र में संचालित तथाकथित इंटरनेशनल स्कूलों में मनमानी फीस वसूली, शिक्षकों की कमी एवं खराब परीक्षा परिणाम का मामला उठाया। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रधानमंत्री आवास योजना में हितग्राहियों के साथ पक्षपात, पहली किस्त जारी होने के बाद दूसरी और तीसरी किस्त में देरी तथा आवास मित्रों एवं ग्राम पंचायतों के चक्कर लगाने की समस्या को भी यशवंत साहू ने गंभीरता से उठाया। संबंधित अधिकारियों ने व्यवस्था में सुधार का भरोसा दिलाया।यशवंत साहू ने कहा कि जनता से जुड़े हर मुद्दे को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्रवासियों के हितों के लिए वे लगातार संघर्ष करते रहेंगे।


