गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 24 अप्रैल। राजिम विधायक रोहित साहू हाल ही में छत्तीसगढ़ राज्य से बाहर प्रवास पर थे। अपनी सफल, सुखद एवं सुरक्षित यात्रा से वापसी के पश्चात आज विधायक रोहित साहू भेंट मुलाकात के लिए अपने कार्यालय में बैठे। विधायक के आगमन पर उनसे मिलने के लिए जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता, क्षेत्रवासी एवं समर्थक गण उपस्थित रहे। लोगों ने पुष्पगुच्छ, पुष्पमालाएं एवं मिठाइयों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
भीषण गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए भाजपा नेता एवं राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू एवं संगठन मंत्री तरुण साहू द्वारा विधायक को शीतलता प्रदान करने वाला तरबूज भेंट कर अभिनंदन किया गया। तरबूज को देखकर विधायक अत्यंत प्रसन्न हुए तथा उन्होंने तुरंत एक तरबूज कटवाकर उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उसका आनंद लिया, जिससे वातावरण और भी आत्मीय, सौहार्दपूर्ण एवं आनंदमय हो गया।