गरियाबंद

कांग्रेस महिला विरोधी विचारधार पार्टी-योगिता सिन्हा
20-Apr-2026 6:39 PM
कांग्रेस महिला विरोधी विचारधार पार्टी-योगिता सिन्हा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 20 अप्रैल। महिला आरक्षण विधेयक को लोकसभा में समर्थन न मिलने पर प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा सदस्य योगिता सिन्हा ने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिलाओं के प्रति विरोधी विचारधारा रखने वाली पार्टी है और वह कभी नहीं चाहती कि विधानसभा एवं लोकसभा में महिलाओं को आरक्षण मिले।

योगिता सिन्हा ने कहा कि हाल ही में संसद में प्रस्तुत ‘नारी शक्ति वंदन’ विधेयक का विपक्ष द्वारा समर्थन न करना उनकी सोच को स्पष्ट करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा, टीएमसी समेत अन्य विपक्षी दलों ने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के प्रयासों में बाधा उत्पन्न की है। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, महिलाओं को राजनीति में 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह विधेयक लेकर आई थी। लेकिन विपक्ष के असहयोग के कारण इसे पारित नहीं किया जा सका, जिससे देश की करोड़ों महिलाओं में निराशा व्याप्त है। योगिता सिन्हा ने कहा कि इस घटनाक्रम से महिलाओं और मातृशक्ति का कांग्रेस पर से विश्वास उठ गया है। उन्होंने विपक्षी दलों की महिला विरोधी नीतियों का विरोध करते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।


अन्य पोस्ट