गरियाबंद

ओवरलोड और परमिट उल्लंघन, 6 बसों पर जुर्माना
19-Apr-2026 9:02 PM
ओवरलोड और परमिट उल्लंघन, 6 बसों पर जुर्माना

रायपुर-देवभोग मार्ग पर विशेष चेकिंग अभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 19 अप्रैल। यात्री सुरक्षा और सडक़ सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गरियाबंद यातायात पुलिस ने रायपुर-देवभोग मार्ग पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ओवरलोडिंग और परमिट नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार जांच के दौरान कई यात्री बसें निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को ले जाते हुए पाई गईं, जो यात्रियों की सुरक्षा के साथ सीधा खिलवाड़ है। इसके अलावा कुछ बसें अपने अधिकृत रूट और समय-सारणी के विपरीत संचालित होती मिलीं, जो परमिट शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन करते पाया गया। इन बसों को यातायात पुलिस ने मोटर यान अधिनियम के तहत कुल 6 बसों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 22,100 रुपये का जुर्माना वसूला। वहीं 4 बसों पर विशेष रूप से ओवरसीटिंग और अन्य नियमों के उल्लंघन के लिए दंडात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाले बस संचालकों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि ओवरलोड वाहनों में यात्रा न करें और यदि कहीं भी अनियमितता दिखाई दे तो तुरंत इसकी शिकायत करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह की चेकिंग और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि सडक़ सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।


अन्य पोस्ट