गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 18 अप्रैल। पटवारी खेमचंद साहू पर लगे रिश्वत के आरोपों के बाद प्रशासन ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। कलेक्टर के निर्देश पर अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे ने तहसीलदार छुरा एवं राजस्व निरीक्षक, तहसील छुरा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वायरल वीडियो-ऑडियो में पटवारी द्वारा उच्च अधिकारियों का नाम लेकर पैसे पहुंचाने की बात कही गई है, जिसके चलते संबंधित अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है।
अपर कलेक्टर ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि यह कथित आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-03 के तहत सत्यनिष्ठा और कर्तव्यपरायणता के विरुद्ध है। उन्होंने पूछा है कि क्यों न उनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। संबंधित अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर प्रमाण सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।