गरियाबंद

सीबीएसई 10वीं में मैनपुर के एकलव्य विद्यालय ने लहराया परचम
17-Apr-2026 3:20 PM
सीबीएसई 10वीं में मैनपुर के एकलव्य विद्यालय ने लहराया परचम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 17 अप्रैल। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय मैनपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम 92.6 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो उत्कृष्ट उपलब्धि मानी जा रही है।

विद्यालय से कुल 54 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 50 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। इनमें 39 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में तथा 15 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण होकर विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को प्रमाणित किया। इस वर्ष विद्यालय की छात्रा खुशबू कंवर (पिता लाल सिंह कंवर, ग्राम छोरा) ने 82 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया और अपनी मेहनत व लगन का परिचय दिया। विद्यालय के इस उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए इसे सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। शुभकामनाएं देने वालों में रामनाथ जी, बाबूलाल, उमा, सुनीता, चेतराम, गीता राम, जगरबाई, देवराज, शिवकुमार, भैयालाल एवं सत्यासोम सहित अनेक लोग शामिल हैं। वहीं, जिला पंचायत सदस्य लोकेश्वर नेम, वनोपज संघ गरियाबंद के अध्यक्ष कल्याण सिंह कपिल, जनपद सदस्य रजनती व सुखराम, सामाजिक कार्यकर्ता सीताराम सोनवानी, बिंद्रानवागढ़ के विधायक जनक ध्रुव, सहायक आयुक्त लोकेश पटेल एवं संकुल प्राचार्य डॉ. कमलाकांत यादव ने भी विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


अन्य पोस्ट