गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 16 अप्रैल। गरियाबंद जिले के देवभोग क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरगीगुड़ा में वन विभाग ने अवैध लकड़ी भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सागौन (टीक) की भारी मात्रा जब्त की है। यह कार्रवाई मुख्य वनसंरक्षक रायपुर वृत्त के निर्देश तथा वनमंडलाधिकारी गरियाबंद के मार्गदर्शन में की गई।
जानकारी के अनुसार, उप वनमंडलाधिकारी देवभोग द्वारा जारी सर्च वारंट के आधार पर वन परिक्षेत्र इंदागांव की टीम ने ग्राम सरगीगुड़ा में दो अलग-अलग स्थानों पर छापामार कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई में रक्षानंद ठाकुर के घर एवं बाड़ी की तलाशी के दौरान 60 सागौन चिरान (0.354 घन मीटर) और 17 सागौन ल_ा (0.608 घन मीटर) अवैध रूप से संग्रहित पाए गए। वन विभाग ने मौके से लकड़ी जब्त कर वन अपराध प्रकरण दर्ज किया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में जयनंद ठाकुर के घर एवं बाड़ी की तलाशी के दौरान 20 सागौन चिरान (0.046 घन मीटर) तथा 13 सागौन ल_ा (0.585 घन मीटर) बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर अलग से वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। वन विभाग के अनुसार दोनों मामलों में कुल 103 सागौन लकड़ी (1.593 घन मीटर) जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 54 हजार 994 रुपये आंकी गई है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


