गरियाबंद

जनगणना: छुरा-देवभोग में पर्यवेक्षक व प्रगणकों को डिजिटल प्रशिक्षण
16-Apr-2026 3:18 PM
जनगणना: छुरा-देवभोग में पर्यवेक्षक व प्रगणकों को डिजिटल प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 16 अप्रैल । जिले में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में विकासखण्ड मुख्यालय छुरा के शासकीय स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल तथा देवभोग के स्वामी आत्मानंद स्कूल में पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स द्वारा पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जनगणना की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। कलेक्टर बी.एस. उइके ने छुरा पहुंचकर प्रशिक्षण का निरीक्षण किया और उपस्थित पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जो विकास योजनाओं की आधारशिला तय करता है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही सभी जानकारियों को गंभीरता से समझें और जहां भी कोई शंका हो, उसे तुरंत पूछकर स्पष्ट करें, ताकि फील्ड में कार्य करते समय किसी प्रकार की परेशानी न हो। कलेक्टर ने जनगणना कार्य में सटीकता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी को सर्वोपरि बताते हुए प्रत्येक जानकारी को सावधानीपूर्वक दर्ज करने पर जोर दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि घर-घर सर्वे के दौरान नागरिकों से शिष्टाचारपूर्वक व्यवहार करें तथा उनकी गोपनीय जानकारी की सुरक्षा सुनिश्चित करें। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को डिजिटल उपकरणों के माध्यम से डेटा एंट्री का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, जिससे वे तकनीकी रूप से दक्ष हो सकें।

प्रशिक्षण के दौरान जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं आवासीय सर्वे की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि प्रत्येक भवन की पहचान, मकान संख्या निर्धारण, उपयोग की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं तथा परिवारों का विवरण किस प्रकार सावधानीपूर्वक दर्ज किया जाना है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर ऋ षा ठाकुर, एसडीएम रामसिंह सोरी, एसडीएम अंजली खलखों, तहसीलदार मयंक अग्रवाल, नायब तहसीलदार डोनेश साहू, राजस्व निरीक्षक दशरथ मांझी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट