गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 12 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी के ‘गांव चलो अभियान’ के तहत युवा भाजपा नेता किशोर देवांगन अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सुंदरकेरा पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ संवाद कर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवांगन ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय के नेतृत्व में ‘डबल इंजन सरकार’ प्रदेश और देश के विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों—जिन्हें ‘मोदी की गारंटी’ कहा गया था—को सरकार बनने के बाद पूरा किया जा रहा है।
देवांगन ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को मासिक सहायता, किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास, मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन पात्र लोगों को इन योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है, वे जनप्रतिनिधियों या अभियान के माध्यम से अपनी समस्या रख सकते हैं।
जनभागीदारी पर जोर
उन्होंने कहा कि ‘गांव चलो अभियान’ का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसकी सफलता जनता की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने लोगों से अपने गांव और प्रदेश के विकास में सहयोग करने की अपील की। अपने संबोधन के अंत में देवांगन ने कहा कि संगठन के कार्यों से ही सच्चा नेतृत्व विकसित होता है और सभी को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में टिकेंद्र साहू (कार्यक्रम प्रभारी), सरपंच धनेश्वर टंडन, सोसायटी अध्यक्ष नीलकंठ साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


