गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपुर, 11 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी के ‘गांव चलो-बस्ती चलो’ अभियान के तहत वनांचल क्षेत्रों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और लोगों की समस्याएं सुनीं।
अभियान के अंतर्गत भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, जिला मंत्री सुरेंद्र सोन टेके सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न गांवों का दौरा किया।
विकास कार्यों की समीक्षा
दौरे के दौरान सडक़ों, पेयजल, बिजली और सरकारी भवनों से जुड़े निर्माण कार्यों की स्थिति का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
ग्रामीणों से सीधा संवाद
कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना गया। जनप्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि प्राप्त शिकायतों और मुद्दों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा।
संगठन मजबूती पर जोर
जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जानना और शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।


