गरियाबंद

गांव चलो-बस्ती चलो अभियान: शोभा पंचायत पहुंचे जनप्रतिनिधि, ग्रामीणों से किया जनसंवाद
11-Apr-2026 3:16 PM
 गांव चलो-बस्ती चलो अभियान: शोभा पंचायत पहुंचे जनप्रतिनिधि, ग्रामीणों से किया जनसंवाद

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मैनपुर,11 अप्रैल । गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड के शोभा पंचायत में भारतीय जनता पार्टी के ‘गांव चलो-बस्ती चलो’ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू राम निषाद, जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर तथा जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके पश्चात जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव सुने।

ग्रामीणों ने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं, विकास कार्यों और अन्य आवश्यकताओं को लेकर अपनी बातें खुलकर रखीं। साथ ही, क्षेत्र के नक्सल प्रभाव से बाहर आने पर संतोष व्यक्त करते हुए वर्तमान स्थिति को बेहतर बताया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर पहल की जाएगी और क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से इनका लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसंवाद के माध्यम से शासन की योजनाओं की वास्तविक स्थिति समझने और उन्हें अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों का सम्मान भी किया गया। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में शांति एवं विकास को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

इस मौके पर पूर्व जिला उपाध्यक्ष योगेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष संतोष यादव, किसान मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी मोहन सिंह कुशवाह, मंडल महामंत्री घनश्याम मरकाम, सरपंच कृष्ण कुमार नेताम सहित अन्य कार्यकर्ता एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट