गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 9 अप्रैल। महिलाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंगलवार 7 अप्रैल को गोबरा नवापारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) वैक्सीन का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन विधायक इंद्र कुमार साहू व प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजेन्द्र साहू के नेतृत्व में किया गया, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू,जीवन दीप समिति के सदस्य डॉ. लीलाराम साहू व स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। कार्यक्रम का आरंभ अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सभी सुपरवाइजर और मितानिन दीदीयों की उपस्थिति ने इस अभियान की गंभीरता और महत्व को रेखांकित किया।
टीकाकरण की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए गोबरा नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कार्यक्रम सुपरवाइजर एल पी तारक,मीरा मन्ना व शिव साहू ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए एचपीवी वैक्सीन एक सुरक्षा कवच की तरह है। वहीं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजेन्द्र साहू ने तकनीकी जानकारी साझा करते हुए स्पष्ट किया कि यह वैक्सीन मुख्य रूप से उन किशोरियों के लिए है जिन्होंने अपना 14वां वर्ष पूर्ण कर लिया है परंतु अभी 15वें वर्ष में प्रवेश नहीं किया है।
उन्होंने बताया कि कुल जनसंख्या के लगभग एक प्रतिशत लक्षित समूह की बालिकाओं को इस टीकाकरण दायरे में लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। डॉ. साहू ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि भारत में महिलाओं में स्तन कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे बड़ा खतरा है, जिससे समय रहते टीकाकरण के माध्यम से पूरी तरह बचा जा सकता है। अधिकारियों ने आम जनमानस को आश्वस्त किया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसके कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं हैं।


