गरियाबंद
सवा करोड़ के निर्माण कार्य निरस्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 7 अप्रैल। जिले में स्कूलों में बनने वाले शौचालय निर्माण कार्य में लापरवाही और अनियमितता सामने आने पर कलेक्टर भगवान सिंह उइके ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर ने आदिवासी विकास कार्यालय को सौंपे गए 1 करोड़ 23 लाख रुपये के 93 निर्माण कार्यों को निरस्त कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल शिक्षा विभाग के तहत कुल 116 शौचालय निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी आदिवासी विकास विभाग को निर्माण एजेंसी के रूप में दी गई थी। यह कार्य सहायक आयुक्त नवीन भगत के कार्यकाल में दुर्ग की एक फर्म को आवंटित किए गए थे।
जांच में सामने आया कि निर्माण एजेंसी को काम शुरू होने से पहले ही 61.88 लाख रुपये की राशि जारी कर दी गई थी। इसके बावजूद 7 महीने बीत जाने के बाद भी अधिकांश निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सके। स्थिति यह रही कि 116 में से केवल 23 कार्य ही प्रारंभ किए गए, जबकि शेष 93 कार्य लंबित पाए गए। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए प्रशासन ने इन सभी 93 कार्यों के आदेश निरस्त कर दिए।
कलेक्टर ने संबंधित फर्म को निर्देश दिए हैं कि वह 45.85 लाख रुपये की राशि 15 दिनों के भीतर जमा करे। निर्धारित समय में राशि जमा नहीं करने पर राजस्व वसूली की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद जिले में निर्माण कार्यों की निगरानी और पारदर्शिता को लेकर प्रशासन की सख्ती साफ नजर आ रही है।
कलेक्टर बीएस उईके ने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग के शौचालय निर्माण के संबंध में 116 शौचालय बनाया जाना था जिसमें ठेकेदार द्वारा 23 शौचालय का निर्माण कार्य प्रारम्भ किया था जिसकी हमने वस्तुस्थिति की जांच कराई जिसमें कुछ लेंटर लेबल कुछ अपूर्ण पाया गया शेष कार्य आदेश को रद्द कर दिया गया, जारी शेष राशि की 45 लाख रुपए रिकबरी के आदेश दिया गया हैं।