गरियाबंद

सरकारी नौकरी लगाने 4.20 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
04-Apr-2026 3:44 PM
सरकारी नौकरी लगाने 4.20 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 4 अप्रैल। नवापारा क्षेत्र में नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने तीन युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 4.20 लाख रुपए ठग लिए थे।

जानकारी के अनुसार ग्राम पिपरौद निवासी राहुलदेव साहू (28) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान आरोपी जितेंद्र सिन्हा से पूर्व में पढ़ाई के दौरान हुई थी। इसी परिचय का फायदा उठाकर आरोपी ने नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। उसने समग्र शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ के अंतर्गत वोकेशनल ट्रेनर पद पर नियुक्ति दिलाने का झांसा दिया।

झांसे में आकर प्रार्थी ने अपनी बहन की नौकरी के लिए अलग-अलग तिथियों में ऑनलाइन माध्यम से कुल 3 लाख 20 हजार रुपए आरोपी को दे दिए। इसके अलावा आरोपी ने इसी तरह कौशल यादव और करूणा यादव से भी 1 लाख रुपए ठग लिए। आरोपी ने इस तरह तीन युवाओं से करीब 4 लाख 20 हजार रुपए की धोखाधड़ी की।

पीडि़त के अनुसार, आरोपी ने इंटरव्यू के नाम पर रायपुर के नरदहा स्थित कॉलेज भी बुलाया, लेकिन नियुक्ति पत्र नहीं दिया। पीडि़त का आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में फोन बंद कर फरार हो गया। इतना ही नहीं, रकम वापस मांगने पर जान से मरवाने की धमकी भी देने लगा।

शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी जितेंद्र सिन्हा (32) भेण्डरी निवासी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर रायपुर न्यायालय भेज दिया है।


अन्य पोस्ट