गरियाबंद

भाजपा नेता देवांगन ने हीरानंद का किया सम्मान
02-Apr-2026 5:49 PM
भाजपा नेता देवांगन ने हीरानंद का किया सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा राजिम, 2 अप्रैल। कर्मचारी राज्य बीमा सेवाएं औषधालय नवापारा (राजिम) में ग्रेड-2 के पद पर कार्यरत हीरानंद देवांगन ने सेंट्रल सिविल सर्विसेज कल्चरल एवं स्पोर्ट्स बोर्ड भारत सरकार द्वारा पिछले दिनों नई दिल्ली में आयोजित ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज टूर्नामेंट 2025-26 में छत्तीसगढ़ की ओर से प्रतिनिधित्व करते हुए छत्तीसगढ़ लोक संगीत की प्रस्तुति दी। प्रतिवर्ष होने वाले इस टूर्नामेंट का राज्य स्तरीय आयोजन 13 मार्च को रायपुर के गुरु घासीदास संग्रहालय में हुआ था, जिसमें चयनित होने वाले कर्मचारियों को राष्ट्र स्तरीय टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। हीरानंद उन कर्मचारियों में शामिल थे।

 हीरानंद की उपलब्धि पर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री किशोर देवांगन ने उनके निवास पहुंचकर शाल व श्रीफल भेंटकर उनका सम्मान किया। इससे अभिभूत हीरानंद ने किशोर के प्रति आभार व्यक्त किया। किशोर ने जानकारी देते हुए बताया कि हीरानंद भाई की उपलब्धि न केवल नवापारा देवांगन समाज के लिए बल्कि सम्पूर्ण गोबरा नवापारा नगर के लिए गौरव की बात है। हीरानंद छत्तीसगढ़ के उन चुनिंदा लोगों में शामिल हैं, जो निजी समय में अपनी प्रतिभा से संगीत सेवा करते हुए छत्तीसगढ़ महतारी का नाम रौशन करते रहते हैं। केंद्र सरकार की राष्ट्र स्तर की प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का नेतृत्व करना बहुत बड़ी और गौरव की बात है।देवांगन ने कहा कि हीरानंद अपने नाम के अनुरूप नवापारा नगर और छत्तीसगढ़ के लिए एक हीरा हैं । संगीत और छत्तीसगढ़ महतारी के ऐसे गुप्त सेवक को सम्मानित कर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं करते हैं।


अन्य पोस्ट